हनुमानगढ़। सैन समाज समिति की ओर से सैन धर्मशाला में मुख्य द्वार एवं कार्यालय भवन मय बरामदा निर्माण का शुभारंभ बुधवार को विधिवत भूमि पूजन के साथ किया गया। सुबह 11.15 बजे आयोजित कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों, समिति पदाधिकारियों एवं दानदाताओं की मौजूदगी में भूमि पूजन किया गया। इसके साथ ही निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया गया। इस मौके पर निर्माण कार्य में सहयोग देने वाले दानदाताओं का समिति की ओर से सम्मान किया गया। डॉ. कामना भाटी ने 1 लाख रुपए, देवीलाल भाटी ने 51 हजार रुपए, प्रमेंद्र जाखड़ ने 51 हजार रुपए, प्रेम बशीर ने 11 हजार रुपए, भानीराम टाक ने 11 हजार रुपए तथा पवन पंवार ने 5100 रुपए का सहयोग दिया। समिति अध्यक्ष देवीलाल भाटी, संरक्षक एवं मार्गदर्शक दीवान सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने दानदाताओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। समिति कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश दिनोदिया ने दानदाताओं की ओर से दिए गए सहयोग एवं उनके योगदान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से धर्मशाला में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिससे समाज के नागरिकों को विभिन्न आयोजनों में बेहतर सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र गहलोत, जगदीश राय भाटी, विनोद, सोम सैन, रामदयाल भाटी, जगदीश, महावीर परिहार, सोहन सिंह, सुभाष, दयाराम, संदीप पंवार, विनोद कुमार, शिवरतन भाटी सहित सैन समाज के कई नागरिक मौजूद रहे।
