- कोहला में गोल डिग्गी के पास हादसा, निजी स्कूल बस का अगला पहिया बालिका के ऊपर से निकला
हनुमानगढ़। कोहला गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय बालिका की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब बालिका राजकीय विद्यालय कोहला से पढ़ाई के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। गोल डिग्गी के पास पीछे से आई एक निजी स्कूल बस ने बालिका को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि बस का अगला पहिया बालिका के ऊपर से निकल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 29, कोहला निवासी राजेश पुत्र गणेशाराम यादव की पांच वर्षीय पुत्री दीपिका यादव मंगलवार को राजकीय विद्यालय कोहला से छुट्टी के बाद पैदल घर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान गोल डिग्गी, कोहला के पास एक निजी स्कूल बस संख्या आरजे 31 पीए 5749 ने बालिका को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बालिका सड़क पर गिर गई और बस का अगला पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल बालिका को लेकर राजकीय अस्पताल हनुमानगढ़ टाउन पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बालिका को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। मृत बालिका के शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने हादसे के बाद स्कूल बस को मौके से हटाकर थाने में लाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस बस चालक सहित मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम
पांच वर्षीय दीपिका की हादसे में मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
