हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का विधिवत शुभारंभ विश्वविद्यालय के मुख्य केन्द्र में किया गया। यह विशेष शिविर 23 जनवरी से 29 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। शिविर के प्रथम दिन स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत का संकल्प लेते हुए विश्वविद्यालय परिसर में व्यापक सफाई अभियान चलाया और स्वच्छता का संदेश दिया। शिविर के दूसरे दिन शनिवार को स्वयंसेवकों ने स्वच्छ भारत अभियान के तहत छात्रा समन्वयक डॉ. स्वाति ओझा एवं छात्र समन्वयक मदन लाल शर्मा के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस मौके पर श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र का सबसे बड़ा संसाधन है। आज युवा स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता और सेवा के लिए जो प्रयास कर रहे हैं, वह न केवल विश्वविद्यालय बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। हमेशा याद रखें कि सेवा ही श्रेष्ठ धर्म है। एनएसएस छात्रा अधिकारी डॉ. स्वाति ओझा एवं एनएसएस छात्र अधिकारी मदनलाल शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा केवल एक कर्तव्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारा सच्चा समर्पण है। इस शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं में सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी। सात दिवसीय इस विशेष शिविर के दौरान स्वच्छता, सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण एवं नागरिक कर्तव्यों से संबंधित विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इससे छात्र-छात्राओं को समाज से जुड़कर कार्य करने का मौका मिलेगा।
