टिब्बी। क्षेत्र के सिलवाला खुर्द गांव स्थित खेलगढ़ मैदान में आयोजित दो दिवसीय अस्मिता खेलो इंडिया वूमेन जिला वॉलीबॉल लीग का रविवार को समारोहपूर्वक समापन हुआ। भारत सरकार के खेल मंत्रालय और भारतीय वॉलीबॉल महासंघ के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में जिलेभर की 16 पंजीकृत टीमों की 153 महिला खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन सचिव बसंत सिंह मान ने बताया कि राजस्थान व जिला वॉलीबॉल संघ हनुमानगढ़ के तत्वावधान में आयोजित इस लीग के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बाबा बलजीत सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य विनोद भाम्भू ने की, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में संदीप कुमार, प्रधानाध्यापक फौजीराम बैनीवाल, राष्ट्रीय प्रशिक्षक निर्मल सिंह पुनिया तथा भारतीय सेना के पैरा कमांडो कुलदीप सिंह मौजूद रहे। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में जिला वॉलीबॉल संघ हनुमानगढ़ की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। संजीवनी इंटरनेशनल स्कूल, रावतसर की टीम उपविजेता रही, जबकि राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय, सिलवाला खुर्द की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
संवाददाता- प्रभु राम
