टिब्बी। टिब्बी थाना क्षेत्र में मैरिज ब्यूरो के नाम पर ठगी और वैवाहिक धोखाधड़ी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक शातिर गिरोह ने शादी का झांसा देकर एक युवक से नकदी और जेवरात हड़प लिए तथा बाद में उसे धमकियां देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस ने मामले को संगठित अपराध मानते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सिलवाला खुर्द निवासी प्रदीप पुत्र हनुमान प्रसाद जाट ने थाने में रिपोर्ट दी कि वह अविवाहित है। इसी का फायदा उठाते हुए मेहरवाला निवासी किरण और भंवरलाल उर्फ अजय ने उससे संपर्क किया। दोनों ने खुद को मैरिज ब्यूरो संचालक बताते हुए उसकी शादी करवाने का भरोसा दिलाया और ‘अमन’ नाम की एक लड़की की फोटो दिखाकर उसे और उसके परिवार को विश्वास में ले लिया। योजना के तहत 12 फरवरी 2026 को आरोपियों ने प्रदीप से प्रेम कुमार नामक व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर 2000 रुपये जमा करवाए। इसके बाद 15 फरवरी को आरोपियों ने उसे सिलवाला खुर्द से टिब्बी होते हुए पंजाब के अबोहर ले जाया गया। वहां पहुंचने पर गिरोह ने नाटक रचते हुए बताया कि ‘अमन’ ने शादी से इनकार कर दिया है। बदनामी का डर दिखाकर प्रदीप पर तुरंत दूसरी लड़की से शादी करने का दबाव बनाया गया। इसी दौरान सीमा नामक महिला ने अपनी कथित रिश्तेदार ‘प्रीत कौर’ से शादी का प्रस्ताव रखा। वहां पहले से मौजूद कुछ महिलाओं और पुरुषों की मौजूदगी में जल्दबाजी में शादी का माहौल बनाया गया और खर्च के नाम पर प्रदीप से 1 लाख 50 हजार रुपये ले लिए गए। बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के केवल वरमाला डलवाकर शादी का नाटक किया गया। अगले दिन कोर्ट मैरिज के नाम पर 50 रुपये के स्टाम्प पर कागजी कार्रवाई करवाकर 10 हजार रुपये और वसूल लिए गए। पीड़ित के अनुसार शादी के बाद जब प्रीत कौर उसके साथ सिलवाला खुर्द आई तो उसने शारीरिक संबंध बनाने से परहेज किया। संदेह होने पर जब प्रदीप ने पूछताछ की तो युवती के हाथों पर बने टैटू से मामला संदिग्ध लगा। पूछने पर उसने स्वीकार किया कि वह पहले से दीप सिंह नामक युवक से शादीशुदा है और गिरोह के लालच में आकर उसने यह शादी का नाटक किया। प्रदीप का आरोप है कि 23 फरवरी को जब उसने आरोपियों से संपर्क किया तो उन्होंने पिस्तौल से गोली मारने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। इसी बीच मौका पाकर प्रीत कौर घर से 6 तोला सोने के जेवरात, 50 हजार रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गई। इसके बाद से गिरोह फोन कर 20 हजार रुपये की और मांग कर रहा है तथा लगातार ब्लैकमेल कर रहा है। पीड़ित की शिकायत पर टिब्बी थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 61(2) और 351(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने नाम बदलकर और फर्जी दस्तावेजों के जरिए इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच अधिकारी शिवनारायण कर रहे हैं और गिरोह के सदस्यों की तलाश जारी है।
संवाददाता- प्रभु राम
