हनुमानगढ़। जिला प्रशासन ने घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्ट्रेट में कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इस संबंध में जिला कलेक्टर कार्यालय द्वारा बुधवार को कार्यालय आदेश जारी किया गया। जारी आदेश के अनुसार वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए वास्तविक उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडरों की निर्बाध और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशों की पालना में कलेक्ट्रेट परिसर में कंट्रोल रूम संचालित किया जाएगा। कंट्रोल रूम के माध्यम से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों और सूचनाओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। इसके लिए कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 01552-260299 जारी किया गया है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में नागरिक पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 112 पर भी संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। आदेश की प्रतिलिपि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के शासन सचिव, बीकानेर संभागीय आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला रसद अधिकारी तथा जिले के सभी उपखंड अधिकारियों को प्रेषित की गई है। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी को भी आदेश जारी कर उक्त जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आमजन को गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान में सुविधा मिल सके।
