- अस्पतालों में बेड रिजर्व, प्याऊ, दवाइयों और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
हनुमानगढ़। जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित हीटवेव को देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में लू तापघात से बचाव एवं राहत व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी उपखंड अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। जिला कलेक्टर ने आगामी दिनों में तापमान वृद्धि की संभावना को देखते हुए सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएमएचओ को अस्पतालों में हीटवेव प्रभावित मरीजों के लिए अलग से बेड आरक्षित करने, पंखे, कूलर, एसी, पेयजल, दवाइयों एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही एंबुलेंस व्यवस्था, कर्मचारियों के प्रशिक्षण, हीटवेव से संबंधित बीमारियों के लक्षण, बचाव एवं उपचार की कार्ययोजना तैयार करने तथा एडवाइजरी जारी करने को कहा।
बिजली और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर
जिला कलेक्टर ने बिजली विभाग के अधिकारियों को अस्पतालों, पंप हाउस और आवश्यक सेवाओं वाले स्थानों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ट्रांसफॉर्मरों पर लोड की नियमित जांच और आग से बचाव के लिए उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। पीएचईडी अधिकारियों को पेयजल के सैंपलों की नियमित जांच, टंकियों और डिग्गियों की सफाई तथा आमजन और पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी, आयुर्वेद और पशुपालन विभाग को भी निर्देश
महिला अधिकारिता विभाग को आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा टीकाकरण जैसी गतिविधियां सुबह और शाम के समय संचालित करने के निर्देश दिए गए। ग्रामीण महिलाओं को भी हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा गया। उप निदेशक आयुर्वेद विभाग को योगशालाओं का नियमित संचालन, गर्मी से बचाव के उपायों का प्रचार-प्रसार तथा औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कृषि और वन विभाग को पेड़-पौधों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
पक्षियों, पशुओं और श्रमिकों के लिए भी विशेष व्यवस्था
स्काउट अधिकारियों को छात्र-छात्राओं के माध्यम से पक्षियों के लिए परिंडे बांधने का अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए एडवाइजरी जारी करने तथा पशु चिकित्सालयों में पंखे, कूलर, पानी और दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। डीटीओ को सभी बसों में मेडिकल किट उपलब्ध कराने तथा नगर परिषद को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बस स्टैंड और रैन बसेरों में प्याऊ लगाने के निर्देश दिए गए। उद्योग, श्रम एवं नगर निकाय विभागों को ईंट भट्टा श्रमिकों, मनरेगा श्रमिकों और सफाई कर्मचारियों के लिए छाया, पानी और समयानुसार कार्य व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपखंड अधिकारियों को दिए निरीक्षण के निर्देश
जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को अस्पतालों, पेयजल स्रोतों और गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बस स्टैंड, स्लम एरिया और बाजार क्षेत्रों में छाया और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में एडीएम उम्मेदी लाल मीना, एसडीएम मांगीलाल, नगर परिषद आयुक्त सुरेंद्र यादव, सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा, पशुपालन संयुक्त निदेशक डॉ. आनंद स्वरूप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहें
