हनुमानगढ़। जिले के कोहला क्षेत्र की एक महिला ने अपने प्लॉट पर हुए कथित अतिक्रमण को हटवाने की मांग को लेकर स्थानीय विधायक से गुहार लगाई है। पीड़िता पदमा, पत्नी स्वर्गीय मल्लूराम, निवासी कोहला तहसील हनुमानगढ़ ने आरोप लगाया है कि उसके पुराने आवंटित प्लॉट पर पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। पीड़िता के अनुसार नगर परिषद हनुमानगढ़ टाउन में स्थित उसके प्लॉट के दक्षिण दिशा में करीब 3 फीट चौड़ाई और 30 फीट लंबाई तक पड़ोसी द्वारा मकान बनाकर अतिक्रमण किया गया है। इसके अलावा उसके घर के पीछे स्थित 15 फीट चौड़ी सरकारी गली पर भी कब्जा कर गेट लगाकर ताला जड़ दिया गया है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है। महिला ने बताया कि इस मामले को लेकर मोहल्ले में चार बार पंचायत भी हो चुकी है। पंचायत द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए समझाइश दी गई, लेकिन आरोपित ने बात नहीं मानी और कब्जा हटाने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने नगर परिषद आयुक्त, उपखंड अधिकारी और जिला कलेक्टर को भी प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके बाद नगर परिषद की टीम मौके पर पहुंची और अतिक्रमण स्थल पर निशान भी लगाए, लेकिन अब तक अतिक्रमण नहीं हटाया गया। महिला का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई रुक गई है। उसने प्रशासन से जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने और न्याय दिलाने की मांग की है।
