हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार रामसिंह (27) पुत्र रणजीत सिंह भाट निवासी वार्ड नंबर 12, भारती बाल विद्या मंदिर स्कूल के पास, भट्ठा कॉलोनी, जंक्शन ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे परिवाद में बताया कि उसके पिता रणजीत सिंह 18 जून को सुबह करीब 8 बजे किसी काम से बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। जब वे सेक्टर नंबर 12 स्थित खालसा स्कूल के पास अंडरब्रिज के निकट पहुंचे, तभी अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोक लिया और घूंसों, थप्पड़ों तथा लाठी-डंडों से बुरी तरह मारपीट की। शिकायत के अनुसार हमले में रणजीत सिंह के सिर, आंख के पास, कमर और पैर में गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावर उन्हें मरणासन्न अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गए। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना जंक्शन थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रणजीत सिंह को एम्बुलेंस से टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है। परिवादी ने आरोप लगाया कि घटना की रिकॉर्डिंग खालसा स्कूल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में हुई है और उसकी फुटेज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपलब्ध है। पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए परिवाद के आधार पर जंक्शन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। प्रकरण की जांच सहायक उपनिरीक्षक जयसिंह को सौंपी गई है।
