ऐलनाबाद। हरियाणा राज्य के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सिरसा में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड की ओर से दो दिवसीय शिक्षुता (अप्रेंटिसशिप) रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में फिटर, वेल्डर, पेंटर, टर्नर, मशीनिस्ट, एमएमवी, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक ट्रैक्टर, मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग और मैकेनिक ऑटो बॉडी रिपेयर सहित विभिन्न ट्रेडों के करीब 318 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इनमें से 309 अभ्यर्थियों ने शिक्षुता के लिए आयोजित लिखित परीक्षा में हिस्सा लिया, जिसमें से 223 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को शिक्षुता अवधि के दौरान प्रतिमाह 20 हजार रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। संस्थान के प्रधानाचार्य बुध राम ने बताया कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि कोई भी प्रशिक्षु रोजगार से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड और राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सिरसा के बीच प्रशिक्षण व रोजगार को लेकर एमओयू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप इस रोजगार मेले का सफल आयोजन संभव हो सका। इस अवसर पर जेपीओ श्याम सिंह, जेपीओ अनिल बेनीवाल, शिक्षुता अनुदेशक सुनील हुड्डा, हरफूल चंद सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
