ऐलनाबाद। शहर थाना पुलिस ने एचडीएफसी बैंक सिरसा शाखा परिसर से डीजल चोरी करने के मामले को सुलझाते हुए बैंक में तैनात एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया है। शहर थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एचडीएफसी बैंक की सिरसा शाखा में कार्यरत एरिया मैनेजर सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बैंक में बतौर सुरक्षा गार्ड तैनात विरेंद्र कुमार उर्फ बिन्नी पुत्र मदल लाल निवासी गांव खैरेकां (पेट्रोल पंप के नजदीक), जिला सिरसा ने 17 दिसंबर 2025 को बैंक परिसर में लगे जेनरेटर सेट से करीब 830 लीटर डीजल चोरी कर लिया। चोरी किए गए डीजल की अनुमानित कीमत करीब 74,775 रुपये आंकी गई है। थाना प्रभारी के अनुसार, बैंक द्वारा सौंपी गई संपत्ति का दुरुपयोग कर विश्वासघात करने के मामले में बैंक कर्मी की शिकायत पर थाना शहर सिरसा में आरोपी सुरक्षा गार्ड के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान शहर थाना की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी विरेंद्र कुमार को नागरिक अस्पताल सिरसा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
