नोहर। विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को आई तेज आंधी, तूफानी बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। क्षेत्र के ललानिया, जबरासर, लाखासर, रानीसर सहित कई पंचायतों में जौ, गेहूं, चना और सरसों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई स्थानों पर स्थिति इतनी गंभीर है कि किसानों की फसल शत-प्रतिशत तक खराब हो गई है। इसी क्रम में पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया शनिवार को प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे और खेतों में जाकर ओलावृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया।

उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी और मौके पर मौजूद कृषि अधिकारी, पटवारी तथा ग्राम विकास अधिकारी को फसल खराबे का तुरंत आंकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। मटोरिया ने अधिकारियों को कहा कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित राहत दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि मौसम की मार झेल रहे किसानों को राहत मिल सके।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों की सहायता के लिए पूरी तरह संवेदनशील और तत्पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां ओलावृष्टि से फसल खराबा हुआ है, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा राशि जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। नोहर क्षेत्र में भी जल्द सर्वे करवाकर पीड़ित किसानों को राहत देने का कार्य किया जाएगा।
संवाददाता- संतोष कंकर
