– सहयोग शक्ति फाउंडेशन की अनूठी पहल, राजकॉप टीम ने सिखाए आत्मरक्षा के गुर, आयोजन से जुटी राशि चैरिटी में दी जाएगी
हनुमानगढ़। करवा चौथ के पर्व पर सुहागिनों के उत्साह, उमंग और खुशियों के रंग बिखरे। सहयोग शक्ति फाउंडेशन की ओर से गुरुवार को आयोजित ‘करवा चौथ मून-2026’ में बड़ी संख्या में महिलाओं ने शिरकत की। रंगारंग गतिविधियों, डांस, पंक्चुअलिटी गेम और सरप्राइज गिफ्ट ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन में मनोरंजन के साथ महिला सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई। कार्यक्रम का खास आकर्षण राजकॉप टीम की मौजूदगी रही।

टीम ने महिलाओं को राजकॉप सिटीजन एप के बारे में जानकारी दी और आत्मरक्षा के गुर सिखाए। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में मदद पाने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। रेणु ग्रोवर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि करवा चौथ सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व का पर्व है। इस अवसर पर महिलाओं को एक साथ खुशियां साझा करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि आयोजन से प्राप्त होने वाला फंड चैरिटी में दिया जाएगा। महिलाओं की शानदार प्रस्तुतियों और उत्साह ने कार्यक्रम को खास बना दिया। सहयोग शक्ति फाउंडेशन की यह पहल त्योहार की खुशियों को आपसी मेलजोल, महिला सुरक्षा और समाजसेवा से जोड़ने का प्रयास रही। कार्यक्रम को सफल बनाने में फाउंडेशन की प्रेरणा पाहुजा सहित अन्य सदस्यों ने सहयोग किया।

