– यातायात पुलिस ने संभाला मोर्चा, रोजाना एक जवान तैनात, समझाइश के बाद भी नहीं मानने पर ऑनलाइन चालान
हनुमानगढ़। जिला कलक्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में निर्धारित पार्किंग स्थल के अलावा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करना अब वाहन चालकों को महंगा पड़ेगा। ऐसे वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की ओर से 500 रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। व्यवस्था की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रोजाना एक यातायात पुलिसकर्मी तैनात किया गया है। जिला कलक्टर ने यातायात प्रभारी को परिसर में बेतरतीब खड़े वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करवाने के निर्देश दिए हैं। यातायात पुलिस के हैड कांस्टेबल बलकरण सिंह ने बताया कि कलक्ट्रेट और एसपी कार्यालय परिसर में निर्धारित पार्किंग के अलावा कहीं भी वाहन खड़ा करने पर संबंधित चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में परिसर में पोस्टर भी लगाए गए हैं। वाहन चालकों से अपील की जा रही है कि वे अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें, ताकि आवागमन में किसी को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले चालकों को पहले समझाइश की जाती है। इसके बावजूद वाहन नहीं हटाने पर ऑनलाइन चालान किया जाता है तथा आवश्यक होने पर वाहन सीज करने की कार्रवाई भी की जाती है। बलकरण सिंह ने बताया कि कलक्ट्रेट परिसर में कार्यरत कर्मचारियों से भी अपने वाहन पार्किंग स्थल पर खड़े करने की अपील की गई है, ताकि आमजन भी इससे प्रेरित हों। उन्होंने बताया कि व्यवस्था लागू होने के बाद पहले की तुलना में सुधार नजर आ रहा है। साथ ही दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
