- वार्ड 28 व 32 में अनिल खीचड़-सुशीला खीचड़ के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन, सांसद कुलदीप इंदौरा बोले-भाजपा सरकार से जनता त्रस्त
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के चुनावी रण में कांग्रेस ने अपनी तैयारियों को तेज करते हुए टाउन के वार्ड नंबर 28 से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व सभापति अनिल खीचड़ तथा वार्ड नंबर 32 से कांग्रेस प्रत्याशी सुशीला खीचड़ के चुनाव कार्यालय का शुक्रवार को उद्घाटन किया। श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान आयोजित सभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह नजर आया। सभा को संबोधित करते हुए श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि जनता में इस बात को लेकर उत्साह है कि इस बार नगर परिषद हनुमानगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बनने जा रहा है। वार्डों से मिल रहे रुझान और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह इस ओर स्पष्ट संकेत कर रहा है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। चंदा चोरी, पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर जनता परेशान है। किसानों को सिंचाई के पानी तथा धान-गेहूं की खरीद के मामले में भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान शहर में संचालित विकास योजनाएं वर्तमान सरकार में लगभग ठप हो गई हैं।
“ढाई साल में निर्दलीय विधायक ने क्या किया, जनता जानती है”
कुलदीप इंदौरा ने निर्दलीय विधायक पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय ही हनुमानगढ़ में बड़े विकास कार्य हुए। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक को बने करीब ढाई वर्ष हो चुके हैं और अब जनता स्वयं आकलन करेगी कि इस दौरान कौन-सी नई योजनाएं लाई गईं और कितना विकास हुआ। उन्होंने कहा कि निर्दलीय विधायक जिन विकास कार्यों का श्रेय ले रहे हैं, उनमें से कई कार्य कांग्रेस शासन के दौरान स्वीकृत एवं शुरू किए गए थे।

उन्होंने भाजपा सरकार और निर्दलीय विधायक दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के सामने दोनों के काम का हिसाब है। इंदौरा ने कहा कि एक ओर आपसी राजनीतिक खींचतान दिखाई दे रही है, वहीं कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में जुटे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाला समय कांग्रेस का है और नगर परिषद हनुमानगढ़ में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में शुरू हुईं जो विकास योजनाएं अधूरी रह गई हैं, उन्हें सत्ता में आने पर पूरा किया जाएगा।
कांग्रेस के पक्ष में चल रही हवा : भूपेन्द्र चौधरी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि वर्तमान में हनुमानगढ़ में कांग्रेस के पक्ष में हवा चल रही है। कार्यकर्ताओं में उत्साह है और वार्डों से मिल रहे फीडबैक के आधार पर उन्हें पूरा विश्वास है कि कांग्रेस नगर परिषद में बहुमत के साथ बोर्ड बनाने में सफल होगी।
“जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहूंगा”
वार्ड नंबर 28 से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व सभापति अनिल खीचड़ ने कहा कि पार्षद रहते हुए उन्होंने वार्ड की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ क्षेत्र में कई विकास कार्य करवाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ज्ञानसिंह कॉलोनी में शिवलिंग की स्थापना का कार्य प्रस्तावित है, जिसे चुनाव आचार संहिता हटने के बाद करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी जनता की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे और वार्ड के विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं वार्डवासियों ने दोनों प्रत्याशियों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित की और चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।
