– विधायक गणेश राज बंसल बोले-कोरोना संकट में भी जनता के साथ खड़ी रही टीम, विकास में नहीं किया राजनीतिक भेदभाव
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में जंक्शन के वार्ड नंबर 5 से टीम गणेश राज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी मुकदर अली जोइया के चुनाव कार्यालय का शुक्रवार को निर्दलीय विधायक गणेश राज बंसल ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित चुनावी सभा में बड़ी संख्या में वार्डवासी शामिल हुए और मुकदर अली के समर्थन में मतदान करने का भरोसा दिलाया। कार्यालय उद्घाटन के साथ ही वार्ड में टीम गणेश राज बंसल ने चुनावी अभियान को गति दे दी।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक गणेश राज बंसल ने कहा कि हनुमानगढ़ की जनता अच्छी तरह जानती है कि टीम गणेश राज बंसल ने शहर के विकास में क्या योगदान दिया है। उन्होंने वार्ड नंबर 5 का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व में यहां से हाफिज अली पार्षद रहे और उस समय वे स्वयं नगर परिषद सभापति थे।
कोरोना काल में रसोइयां चलाकर घर-घर पहुंचाया भोजन
विधायक ने कहा कि वर्ष 2019 के बाद कोरोना संकट के दौरान जब लोग घरों में रहने को मजबूर थे और अनेक परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था, उस समय टीम गणेश राज बंसल ने नगर परिषद क्षेत्र में सामुदायिक रसोइयां संचालित कर जरूरतमंद परिवारों तक पका हुआ भोजन पहुंचाया। उन्होंने कहा कि उस कठिन दौर में राजनीतिक दलों के कई नेता कोरोना के डर से घरों तक सीमित रहे, लेकिन टीम गणेश राज बंसल के कार्यकर्ताओं ने जोखिम उठाकर जरूरतमंदों की सेवा की। उन्होंने इसे राजनीति से ऊपर उठकर किया गया जनसेवा का कार्य बताया।
वार्ड की हर कच्ची सड़क हुई पक्की
गणेश राज बंसल ने कहा कि कोरोना संकट समाप्त होने के बाद शहर में विकास कार्यों को गति दी गई। वार्ड नंबर 5 में अब कोई कच्ची सड़क नहीं है। सभी सड़कें सीसी हो चुकी हैं, नालियों का निर्माण करवाया गया है और सुंदर पार्क का निर्माण भी कराया गया है। इसके अलावा बाइपास की ओर आवागमन के लिए आर-पार सड़क का निर्माण भी करवाया गया है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक विकास कार्य करवाते समय कभी यह नहीं देखा गया कि संबंधित वार्ड का पार्षद भाजपा, कांग्रेस या निर्दलीय है। पार्टी की राजनीति से ऊपर उठकर सभी वार्डों में समान रूप से विकास करवाया गया। विधायक ने मतदाताओं से 11 सितंबर को होने वाले मतदान में टीम गणेश राज बंसल के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने तथा नगर परिषद में टीम गणेश राज बंसल का निर्दलीय बोर्ड बनाने की अपील की।
जनता के भरोसे को कभी टूटने नहीं दूंगा
निर्दलीय प्रत्याशी मुकदर अली जोइया ने कहा कि वर्तमान समय में वार्ड पार्षद की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने से लेकर बिजली, पानी, सड़क, नाली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को नगर परिषद में उठाना पार्षद की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वे पूर्व में भी वार्डवासियों की समस्याओं के समाधान में सहयोग करते रहे हैं। अब जनता के आग्रह और भरोसे पर ही चुनाव मैदान में उतरे हैं। लोगों की मांग और वार्ड की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। मुकदर अली ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि वार्डवासी उन्हें विजयी बनाकर नगर परिषद में भेजेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत के बाद वार्ड की प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे। जनता ने जो जिम्मेदारी सौंपी, उसे बोझ नहीं बल्कि सेवा का अवसर मानकर निभाएंगे और वार्डवासियों के विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे।
