ऐलनाबाद। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए राज्यसभा चुनाव, किसानों की समस्याओं, गैस संकट और कानून व्यवस्था जैसे कई मुद्दों पर सरकार और विपक्ष दोनों पर निशाना साधा। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
राज्यसभा चुनाव और क्रॉस वोटिंग पर आरोप
चौटाला ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यदि हुड्डा ने मतदान के दिन दोपहर 3 बजे तक कांग्रेस विधायकों द्वारा की गई क्रॉस वोटिंग और रद्द वोटों की जानकारी सार्वजनिक कर दी होती, तो इनेलो के दोनों विधायक कांग्रेस के दलित उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करते। उन्होंने दावा किया कि हुड्डा को समय रहते स्थिति की पूरी जानकारी थी, फिर भी उन्होंने इसे सार्वजनिक नहीं किया, जिससे भाजपा समर्थित उम्मीदवार को फायदा हुआ। चौटाला ने यह भी कहा कि कांग्रेस को क्रॉस वोटिंग और रद्द हुए सभी वोटों के जिम्मेदार विधायकों के नाम उजागर करने चाहिए।
किसानों के मुद्दे और सरकार पर निशाना
चौटाला ने बताया कि इनेलो प्रतिनिधिमंडल ने 12 मार्च को मुख्यमंत्री नायब सैनी से किसानों के लाइसेंस रिन्यू करने के मुद्दे पर मुलाकात की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर लाइसेंस रिन्यू नहीं कर रही ताकि किसानों को एमएसपी न देना पड़े। उन्होंने घोषणा की कि इनेलो जल्द ही जिलों में “किसान कष्ट निवारण केंद्र” स्थापित करेगी, जहां किसानों की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा।
गैस संकट और कालाबाजारी का मुद्दा
ईरान-इजरायल तनाव का हवाला देते हुए चौटाला ने कहा कि बाजार में घरेलू गैस की कमी है और कालाबाजारी बढ़ रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले समय में पेट्रोल और डीजल की भी किल्लत हो सकती है।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
निर्दलीय विधायक देवेंद्र कादियान के बयान पर पलटवार करते हुए चौटाला ने कहा कि इनेलो की छवि खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कादियान और संबंधित टीवी चैनल को कानूनी नोटिस भेजने की बात कही।
कानून व्यवस्था और राजनीतिक बयानबाजी
चौटाला ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के पंजाब दौरे पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति खराब है, जबकि सरकार दूसरे राज्यों पर टिप्पणी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में रंगदारी और अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और प्रशासन कार्रवाई करने में विफल है। इनेलो प्रमुख ने मुख्यमंत्री को चुनौती देते हुए कहा कि वे इनेलो को “कांग्रेस की बी टीम” बताने के अपने बयान को साबित करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
