-गिव-अप अभियान, नए पात्र लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा से जोड़ने, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं एलपीजी मैपिंग की समीक्षा
हनुमानगढ़। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार जिले में खाद्य सुरक्षा एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गिव-अप अभियान, खाद्य सुरक्षा योजना में नवीन पात्र लाभार्थियों को जोड़ने, आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं एलपीजी मैपिंग सहित खाद्य सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में गिव-अप अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अपात्र व्यक्तियों द्वारा स्वेच्छा से खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ छोड़ने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई एवं अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा योजना में नवीन पात्र लाभार्थियों को जोड़ने की प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने तथा पात्र परिवारों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध करवाने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थियों की आधार सीडिंग, ई-केवाईसी एवं एलपीजी मैपिंग की स्थिति की भी समीक्षा की गई। समिति सदस्यों से इन कार्यों के क्रियान्वयन में आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया, ताकि पात्र लाभार्थियों से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को समयबद्ध रूप से पूरा किया जा सके। बैठक में खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने तथा योजना का लाभ वास्तविक पात्र परिवारों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को समिति सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला रसद अधिकारी सुनील कुमार घोड़ेला, प्रवर्तन अधिकारी बाबूलाल जानू एवं योगेश मिश्रा, प्रवर्तन निरीक्षक मनीष सिंगला एवं पुरुषोत्तम सहित समिति के सदस्यों ने भाग लिया। हनुमानगढ़, संगरिया, भादरा, नोहर एवं रावतसर तहसील क्षेत्रों से समिति सदस्य भी उपस्थित रहे।
