हनुमानगढ़। कृषि भूमि विवाद को लेकर मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। भिरानी थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार साहुवाला निवासी 32 वर्षीय सोनू पत्नी विनोद कुमार जाट ने रिपोर्ट दी कि उन्होंने 14 सितंबर 2025 को गांव 15 एएमएस स्थित मुरब्बा संख्या 101/102 की कृषि भूमि सावित्री पत्नी प्रतापसिंह, सुमित्रा पुत्री प्रतापसिंह, जगदीश पुत्र प्रतापसिंह और रमेश पुत्र प्रतापसिंह निवासी साहुवाला से विधिवत खरीदी थी। उक्त भूमि का नामांतरण राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है तथा कब्जा भी उनके पास है। परिवादिया ने आरोप लगाया कि भूमि खरीद के बाद से ही आरोपी पक्ष रंजिश रखने लगा और लगातार धमकियां दे रहा था। रिपोर्ट के अनुसार 9 मई 2026 को शाम करीब पांच बजे उसके पति विनोद कुमार और देवर विकास पुत्र रघुवीर सिंह खेत में ट्रैक्टर से बुआई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी जयवीर पुत्र पालाराम जाट निवासी साहुवाला मौके पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी पक्ष ने ईंट-पत्थरों से हमला कर विनोद कुमार और विकास के साथ मारपीट की, जिससे विनोद कुमार की कमर व शरीर पर चोटें आईं, जबकि विकास के हाथ-पैर में भी गंभीर चोटें लगीं। परिवादिया ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने विनोद कुमार के गले से सोने की चेन और मोबाइल फोन छीन लिया तथा ट्रैक्टर में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि आरोपी कुल्हाड़ी व अन्य धारदार हथियार लेकर जान से मारने की नीयत से पीछे दौड़े और दोबारा खेत में आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। घटना के बाद परिवार में भय और दहशत का माहौल है। भिरानी थाना पुलिस ने मामले में बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल राजमोहन को सौंपी है।
