हनुमानगढ़। टाउन थाना क्षेत्र की हरबंस कॉलोनी, नाथांवाली थेड़ी में घर में घुसकर मारपीट करने और महिला व बच्चे को जबरन साथ ले जाने का मामला सामने आया है। टाउन थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी रिपोर्ट में हरबंस कॉलोनी, नाथांवाली थेड़ी निवासी ओमप्रकाश (52) पुत्र हनुमान नायक ने बताया कि 5 मई की रात करीब 9.30 बजे उसके पुत्र मांगीलाल के ससुराल पक्ष के लोग गोरू पुत्र रामप्रताप, मदन पुत्र रामप्रताप निवासी ढाबा झालार सहित 6-7 अन्य लोग बोलेरो गाड़ी में सवार होकर उसके घर पहुंचे। आरोप है कि घर पहुंचते ही गोरू ने उसके पुत्र मांगीलाल के सिर पर लाठी से वार कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोट लगी। वहीं मांगीलाल के साडू जयप्रकाश पुत्र गिरधारी लाल नायक निवासी सुरेशिया, जंक्शन के सिर पर मदन ने लाठी से हमला कर दिया। हमले में दोनों घायल होकर लहूलुहान हो गए। रिपोर्ट में बताया गया कि जब उसके दूसरे पुत्र सोनू ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। इसके बाद आरोपी उसकी पुत्रवधू सोमा तथा पोते लखन को बोलेरो गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए। घटना के बाद परिजनों ने घायल मांगीलाल और जयप्रकाश को उपचार के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय के ट्रोमा वार्ड में भर्ती करवाया। पुलिस ने ओमप्रकाश की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक कृष्णलाल को सौंपी है।
