
हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव सालीवाला में अल सुबह घर में घुसे दो अज्ञात व्यक्तियों ने कमरे का ताला तोड़कर सन्दूक में से सोने के जेवरात चोरी कर लिए। तभी अचानक नींद खुलने पर गृह स्वामी व उसकी पत्नी ने दोनों अज्ञात चोरों को पकड़ने का प्रयास किया तो वे महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर व हाथापाई कर वहां से भागने में सफल रहे। इस संबंध में टिब्बी पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार संदीप खीचड़ (29) पुत्र ओमप्रकाश जाट निवासी वार्ड दस, गांव सलेमगढ़ ने लिखित प्रार्थना पत्र पेश करते हुए बताया कि 24 दिसम्बर की रात्रि को परिवार के सदस्य खाना खाकर सो गए। अगले दिन 25 दिसम्बर की अल सुबह करीब चार बजे घर के कमरे में से कुछ आवाज सुनकर वह व उसकी पत्नी उठे तो देखा कि कमरे का ताला खुला पड़ा था। दो व्यक्ति सीढ़ियों की तरफ भाग रहे थे। उसने व उसकी पत्नी ने दोनों अज्ञात व्यक्तियों को पकड़ना चाहा तो इन्होंने उसकी पत्नी की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। उसने व उसकी पत्नी ने भाग रहे दोनों व्यक्तियों के हाथ से एक बैग छीन लिया। लेकिन दोनों व्यक्ति हाथापाई कर वहां से भाग गए। इनके भागने के बाद उन्होंने कमरे में रखा सन्दूक सम्भाला तो उसमें से सोने का एक मंगल सूत्र, गलसरी छोटी, गले का पैडल, एक अंगंठी, एक मांग टिका, एक नथ, एक डोलना सहित करीब 6-7 तौला सोना के जेवरात गायब थे जो उक्त दोनों व्यक्ति रात्रि को घर में घुसकर चोरी कर ले गए। पुलिस ने दोनों अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की जांच कार्यवाहक थाना प्रभारी एएसआई देवीलाल कर रहे हैं।
