-रतनगढ़ के मालपुर रोड पर घटना, किसानों ने खुद संभाला मोर्चा: दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू
चूरू। चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र में सोमवार शाम मालपुर सड़क मार्ग पर हाइटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग के चलते खेतों में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के किसान मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। किसानों ने तत्परता दिखाते हुए जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों को सूचित कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई, वहीं नगरपालिका को भी दमकल के लिए सूचना दी गई। हालांकि, सूचना के बावजूद नगरपालिका की दमकल मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में किसानों और ग्रामीणों ने जेसीबी व अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। ग्रामीणों के अनुसार मालपुर रोड पर परमेश्वरी ढाका और मोहन सिहाग के खेतों के ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजरती है। सोमवार शाम को अज्ञात कारणों से लाइनों में स्पार्किंग हुई, जिससे खेतों की बाड़बंदी में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती गई और परमेश्वरी ढाका के खेत में खड़ी इसबगोल की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद किसानों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी गई है, विशेषकर समय पर दमकल नहीं पहुंचने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
