हनुमानगढ़। युवा क्रांति एकता मिशन, पीड़ित एकता मंच राजस्थान एवं भीम आर्मी भारत एकता मिशन-रणजीतपुरा ने चेक माफिया के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने के लिए रावतसर एवं आसपास की ग्राम पंचायतों में महापंचायत और बैठकें आयोजित करने की अनुमति मांगी है। इस संबंध में संगठनों की ओर से शनिवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को पत्र सौंपा गया। पत्र में बताया गया कि रणजीतपुरा क्षेत्र में कथित चेक माफिया और सूदखोरी से कई गरीब एवं पीड़ित परिवार प्रभावित हैं। प्रत्येक गांव एवं ढाणी में करीब 15 से 20 परिवार इस समस्या से प्रभावित हैं। पीड़ितों की ओर से पिछले 110 दिनों से जिला कलक्टर कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। संगठनों ने कहा कि पीड़ितों के हित एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से संयुक्त रूप से नया अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत रावतसर एवं आसपास की ग्राम पंचायतों में महापंचायत और बैठकें आयोजित कर ग्रामीणों को चेक माफिया एवं कथित सूदखोरी के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। उनका कहना है कि अभियान का उद्देश्य लोगों को ऐसे मामलों में फंसने से बचाना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। पत्र में कहा गया कि अभियान के तहत आयोजित होने वाली सभी बैठकें शांतिपूर्ण, संवैधानिक एवं कानून सम्मत तरीके से की जाएंगी। संगठनों ने प्रशासन से प्रत्येक ग्राम पंचायत में महापंचायत एवं बैठक आयोजित करने के लिए आवश्यक अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया, ताकि कार्यक्रमों को लेकर पुलिस एवं प्रशासन के स्तर पर किसी प्रकार की आपत्ति या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। संगठनों ने प्रशासन से अनुमति प्रदान कर जनजागरूकता अभियान को संचालित करने में सहयोग की मांग की।
