-श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, शतचंडी पाठ व यज्ञ शुरू
हनुमानगढ़। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले शतचंडी पाठ एवं यज्ञ के तहत बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर नगर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। यह आयोजन श्री नीलकंठ महादेव सेवा प्रन्यास के तत्वावधान में किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रन्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष अश्विनी नारंग, उपाध्यक्ष रामचन्द्र बाघला, सचिव चिमन मित्तल, महावीर शर्मा, रत्तीराम शाक्य, सुरेश गुप्ता, महेश लकेसर, विजय भूतना, साहबराम करड़वाल, अनिल शर्मा सहित महिला मंडल की अध्यक्ष वीना सैनी, सचिव सरोज कंवर, दया कुमारी और दीपिका गर्ग उपस्थित रहे। वृंदावन से विशेष आमंत्रण पर आए पंडितों के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ श्री काशी विश्वनाथ महादेव मंदिर से किया गया। यात्रा में सैकड़ों महिलाएं, युवतियां और श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचे। कलश यात्रा के दौरान भक्तजन “जय माता दी” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बनाते नजर आए। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कलश यात्रा के साथ ही शतचंडी पाठ एवं यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हो गया है। समिति के अनुसार 19 मार्च से 26 मार्च 2026 तक प्रतिदिन सुबह 7 बजे देव पूजन, ब्राह्मण वरण एवं घट स्थापना के साथ धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ होंगे। इसके बाद सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक शतचंडी पाठ किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक श्री नीलकंठ महिला मंडल की ओर से भजन संध्या व कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें महिला श्रद्धालु अपनी प्रस्तुतियां देंगी। शाम 4 बजे से 6 बजे तक पुनः शतचंडी पाठ होगा, जबकि प्रतिदिन रात्रि 8 बजे शतचंडी हवन आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे। नवरात्रि के अंतिम दिन 26 मार्च को पूर्णाहुति, विशेष हवन और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में भाग लेने की अपील की है। कलश यात्रा और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में महिला मंडल की सदस्याओं ने विशेष भूमिका निभाई।
