हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में राजस्थान पुलिस की विशेष पहल के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की ओर से एक दिवसीय महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सार्वजनिक स्थानों, रास्तों और कॉलेज परिसर में सुरक्षा संबंधी चुनौतियों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उपायों की जानकारी देना था। कार्यक्रम के दौरान कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने छात्राओं को आकस्मिक एवं विपरीत परिस्थितियों में सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही, किसी भी अवांछनीय गतिविधि या आपात स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने के लिए यूनिट के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। छात्राओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से उनके मोबाइल फोन में राजकॉप सिटीजन एप इंस्टॉल करवाया गया। पुलिस टीम ने एप के पैनिक बटन सहित अन्य सुरक्षा सुविधाओं की कार्यप्रणाली भी समझाई। इतिहास विभाग की सहायक आचार्य डॉ. भावना ने छात्राओं को अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अपराध या उत्पीड़न होने पर पीड़ितों को मुखर होकर आधिकारिक शिकायत दर्ज करवानी चाहिए। साथ ही, अपने आसपास के लोगों को जागरूक बनाने में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। डॉ. भावना ने लैंगिक संवेदनशीलता पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को सहज, सुरक्षित और गरिमामय वातावरण उपलब्ध करवाना पुरुषों का भी नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के रचनात्मक एवं उत्तरदायी नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सहायक आचार्य भागवंती, डॉ. मनदीप कौर, कृति गोयल, ममता और प्रीति अग्रवाल सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
