हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई निरंतर की जा रही है। जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा दल द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को खण्ड भादरा में खाद्य संस्थानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने भादरा में संचालित मैसर्स जय अम्बे जोधपुर मिष्ठान भंडार से बेसन चक्की एवं मावा बर्फी का सैम्पल लिया गया। इसी तरह मै. बीएल ट्रेडिंग कम्पनी से सरसों का तेल, मै. रहमान मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई एवं मै. श्याम मसाला पिसाई केन्द्र से लाल मिर्च, धनिया पाउडर एवं हल्दी पाउडर का सैम्पल संग्रहित किया गया। डॉ. शर्मा ने बताया कि मै. बीएल ट्रेडिंग कम्पनी पर संजीवनी ब्रांड का 371 लीटर सरसों का तेल सीज किया गया। सभी सैम्पल को जांच के लिए बीकानेर में संचालित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में भिजवाया गया है। टीम में एफएसओ रफीक मोहम्मद एवं एफएसओ श्रीमती अर्चना यादव, गार्ड योगेश शर्मा एवं वाहन चालक गुरुशरण सिंह शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा दल ने खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं रखरखाव के दौरान स्वच्छता मानकों की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
