– एमजीएम जिला अस्पताल में टीकाकरण माइक्रोप्लान की समीक्षा को लेकर कार्यशाला
हनुमानगढ़। जिले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने और प्रत्येक पात्र बच्चे एवं गर्भवती महिला तक टीकाकरण सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से टाउन स्थित एमजीएम राजकीय जिला अस्पताल में टीकाकरण माइक्रोप्लान की समीक्षा को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में निर्धारित टीकों की शत-प्रतिशत उपलब्धता और सभी लाभार्थियों तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी एवं डब्ल्यूएचओ डॉ. अनुरोध तिवाड़ी ने टीकाकरण कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवार माइक्रोप्लान अपडेट रखा जाए तथा टीकाकरण सत्रों की नियमित निगरानी की जाए। छूटे हुए और ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उनका टीकाकरण करवाने के निर्देश दिए गए। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए हाईरिस्क और वंचित लाभार्थियों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। साथ ही यू-विन पोर्टल पर टीकाकरण संबंधी डाटा की शत-प्रतिशत और समय पर एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आरसीएचओ डॉ. सुनील विद्यार्थी ने कहा कि सभी उपस्वास्थ्य केन्द्रों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों के अंतर्गत आने वाले गांवों, ढाणियों और दूरस्थ क्षेत्रों का माइक्रोप्लान तैयार किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक टीकाकरण सेवाएं पहुंच सकें। टीकाकरण सत्रों के दौरान आमजन को नियमित टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। डीपीओ सुदेश कुमार ने अपडेट एवं कम्प्लीट माइक्रोप्लान की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों से अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर टीकाकरण से वंचित बच्चों और गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार करने तथा उन्हें आगामी टीकाकरण सत्रों से जोड़ने को कहा। कार्यशाला में बीसीएमओ, बीपीओ, मेडिकल ऑफिसर्स सहित अन्य चिकित्सकीय स्टाफ मौजूद रहा।
