रावतसर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री के हाल ही में हुए हनुमानगढ़ दौरे के लिए आभार व्यक्त करते हुए जिले के विकास से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया। प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख जनसमस्याओं को रखते हुए उनके त्वरित समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ जिले के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय हैं, जिन पर सरकार का ध्यान जाना आवश्यक है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हनुमानगढ़ दौरे के दौरान कम समय में विशाल और सफल जनसभा आयोजित कराने पर जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विकास और जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ देखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर संगठन और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
संवाददाता- नरेश सिगची
