ऐलनाबाद। जिला जेल में बंदियों के स्वास्थ्य और पुनर्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘न्याय और सम्मान’ अभियान के तहत ओपन जिम का उद्घाटन किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने ओपन जिम का शुभारंभ किया। यह जिम रोटरी क्लब सिरसा सीनियर, रोटरी क्लब सिरसा डिवाइन और रोटरी क्लब सिरसा न्यू जन के सहयोग से स्थापित किया गया है। ओपन जिम में कुल 14 व्यायाम मशीनें लगाई गई हैं, जो बंदियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक होंगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवन शैली का संदेश भी दिया। इस अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुनीश जिंदिया ने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जेल केवल दंड देने का स्थान नहीं है, बल्कि यह सुधार और पुनर्वास का केंद्र भी है, जहां बंदियों को नई दिशा देने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि ओपन जिम जैसी सुविधाएं बंदियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ मानसिक तनाव को कम करने में भी मदद करती हैं। नियमित व्यायाम से उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास होता है, जिससे वे भविष्य में समाज में पुनः स्थापित होने के लिए तैयार हो सकें। कार्यक्रम में रोटरी इंटरनेशनल के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं वरिष्ठ भाजपा नेता भूपेश मेहता, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. सुभाष नरूला, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी एडमिनिस्ट्रेशन देवेंद्र मिगलानी, रोटरी क्लब सिरसा सीनियर के प्रधान डॉ. बी.एस. बंसल, कोषाध्यक्ष राजेश खट्टर, पूर्व प्रधान परविंद्र ठठई, विष्णु सिंगला, रोटेरियन मनोहर लूथरा, विजय डोडा, डॉ. अंशुल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
