ऐलनाबाद। पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) मनवीर सिंह ने शुक्रवार को सिरसा का दौरा कर जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता की। सिरसा पहुंचने पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने उनका स्वागत किया। पुलिस लाइन सिरसा के प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक में डीआईजी मनवीर सिंह ने जिले में अपराध की स्थिति का गहन विश्लेषण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों से उनके-उनके क्षेत्रों में अपराध की प्रकृति और वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। बैठक के दौरान वर्ष 2026 में अब तक दर्ज जघन्य अपराधों की बिंदुवार समीक्षा की गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिले में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली और उनकी कवरेज की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पेट्रोल पंप, बैंक, ज्वैलरी की दुकानें, होटल, ढाबे, स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, मार्केट और कोचिंग संस्थानों सहित भीड़भाड़ वाले स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराध की रोकथाम और अपराधियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इनकी नियमित रूप से जांच सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी अपराधी बच न सके। डीआईजी मनवीर सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी थाना व चौकी क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की जाए तथा सीलिंग प्लान के तहत नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जाए। उन्होंने महिला एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने और पीड़ितों को संवेदनशीलता के साथ सहायता प्रदान करने के निर्देश भी दिए। सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष बड़ी संख्या में लोगों की जान जाती है, इसलिए आमजन को मोटर वाहन अधिनियम के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय की जरूरत के अनुसार पुलिस को ‘स्मार्ट पुलिसिंग’ और ‘सामुदायिक पुलिसिंग’ की दिशा में कार्य करना होगा, जिससे नागरिकों को बेहतर सुरक्षा प्रदान की जा सके। नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाने पर जोर देते हुए डीआईजी ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए और ऐसे अपराधियों के विरुद्ध पुलिस और अधिक आक्रामक कार्रवाई करे। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने डीआईजी को आश्वस्त किया कि सिरसा पुलिस जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा नशा तस्करों व अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नशे की मांग को समाप्त करने के लिए पुलिस द्वारा गांव-गांव जाकर युवाओं और आमजन को इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया जा रहा है। बैठक में डीएसपी मुख्यालय आदर्शदीप, डीएसपी संजीव बल्हारा, डीएसपी राज सिंह और डीएसपी राजेश सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
