ऐलनाबाद। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम सूर्य घर–मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्र नागरिकों को सोलर पैनल लगाने पर आकर्षक अनुदान दिया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य आम लोगों को सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराना तथा सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना है। योजना के तहत अंत्योदय परिवार, जिनकी सालाना आय 1.80 लाख रुपये से कम है और जिनकी वार्षिक बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, वे अपने घर पर दो किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाकर भारत सरकार की ओर से 60 हजार रुपये तथा हरियाणा सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त कर सकते हैं। इस प्रकार लाभार्थियों को कुल 1.10 लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी। वहीं जिन परिवारों की सालाना आय तीन लाख रुपये तक है और जिनकी बिजली खपत 2400 यूनिट तक है, उन्हें दो किलोवाट तक का सोलर पैनल लगवाने पर केंद्र सरकार से 60 हजार रुपये और हरियाणा सरकार से 20 हजार रुपये की सहायता मिलेगी। इस श्रेणी के लाभार्थियों को कुल 80 हजार रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा तीन किलोवाट तक का सोलर पैनल लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा। खास बात यह है कि केंद्र सरकार की सब्सिडी सभी आय वर्ग के लोगों के लिए उपलब्ध है, यानी केंद्र की सब्सिडी लेने के लिए आय संबंधी कोई शर्त नहीं रखी गई है। इस योजना के तहत सोलर पैनल लगने के बाद घरों का बिजली बिल लगभग शून्य हो सकता है। यदि सोलर पैनल से जरूरत से ज्यादा बिजली का उत्पादन होता है तो अतिरिक्त बिजली सरकार को दी जा सकती है, जिसके बदले में सरकार द्वारा भुगतान भी किया जाएगा, जिससे उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आय का भी लाभ मिल सकता है। यह योजना न केवल लोगों के बिजली खर्च को कम करेगी बल्कि सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देकर पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में भी सहायक साबित होगी। सरकार का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को स्वच्छ और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से जोड़ना है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
