नोहर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अल्पसंख्यक विभाग द्वारा हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) के अध्यक्ष आरिफ टाक को आगामी असम विधानसभा चुनाव में चामरिया विधानसभा क्षेत्र का पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पार्टी नेतृत्व द्वारा दी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। आरिफ टाक ने इस नियुक्ति पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, एआईसीसी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तथा राजस्थान अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एमडी चोपदार का विशेष रूप से धन्यवाद जताया। टाक ने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर विश्वास जताकर उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे वह पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि असम में संगठन को मजबूत करने और चुनावी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए वह पूरी लगन से कार्य करेंगे। इस नियुक्ति के बाद हनुमानगढ़ जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी खुशी की लहर देखी जा रही है।
संवाददाता- संतोष कंकर
