हनुमानगढ़। गोगामेड़ी थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा पर बुधवार तड़के करीब 3 बजे टोलकर्मी युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने मृतक युवक का शव कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की मोटर साइकिल पर सवार होकर तीन युवक गोगामेड़ी मेले की ओर से टोल प्लाजा पहुंचे। टोलकर्मी की ओर से रोक-टोक किए जाने पर युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में 21 वर्षीय टोलकर्मी कारूलाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक कारूलाल झालावाड़ जिले का निवासी था। घटना के दौरान बीच-बचाव करने आए टोलकर्मी धर्मवीर पर भी चाकू से हमला हुआ, जिससे वह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गोगामेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर वारदात में प्रयुक्त बताई जा रही मोटर साइकिल जब्त कर ली है। पुलिस संदिग्ध युवकों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है।
