हनुमानगढ़। जंक्शन की कैनाल कॉलोनी स्थित राजकीय जिला आयुर्वेद चिकित्सालय में बुधवार को विश्व आयुर्वेद दिवस के अवसर पर प्रवेक कल्प प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से नि:शुल्क हड्डी गुणवत्ता जांच चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अस्थि रोग विशेषज्ञ के सहयोग से मरीजों की हड्डियों की जांच की गई। शिविर में करीब 150 मरीजों की जांच हुई। पंजीयन करवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में बुजुर्ग मरीजों की संख्या अधिक रही। अस्पताल के आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार बंसल ने बताया कि बुजुर्गों के साथ 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों में भी हड्डियों की गुणवत्ता कम होने लगती है। कैल्शियम, विटामिन-डी और विटामिन-सी आदि की कमी के कारण हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। इससे चलने-फिरने में परेशानी, पैरों एवं घुटनों में सूजन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। शिविर में इसी प्रकार की समस्याओं से पीड़ित मरीजों की नि:शुल्क जांच की गई। उन्होंने बताया कि शिविर में अधिकांश मरीज हड्डियों से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित होकर पहुंचे। किसी को कमर में दर्द, किसी को घुटनों में दर्द तो किसी को चलने-फिरने में परेशानी थी। उन्होंने कहा कि पर्याप्त डाइट और आवश्यक विटामिन नहीं मिलने के कारण इस तरह की समस्याएं बढ़ रही हैं। डॉ. बंसल ने बताया कि कुछ लोग आरओ का टीडीएस बहुत अधिक कम कर लेते हैं। इससे पानी में मौजूद आवश्यक कैल्शियम एवं अन्य मिनरल पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पाते। उन्होंने टीडीएस को करीब 140-150 के आसपास रखने तथा नियमित रूप से फलों का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे। लोगों को समय-समय पर चिकित्सकों की सलाह लेने और शरीर की आवश्यक जांच करवाते रहना चाहिए, ताकि शरीर में किसी पोषक तत्व की कमी का समय रहते पता चल सके। उन्होंने आयुर्वेदिक दवाइयों एवं जड़ी-बूटियों से निर्मित औषधियों के उपयोग की भी जानकारी दी।
