हनुमानगढ़। टाउन के व्यस्त इलाके भारत माता चौक पर बड़ा हादसा टल गया। एक ट्रक का हुक अचानक टूट जाने से वह अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक जलालाबाद से चावल भरकर मुंडा पोर्ट (गुजरात) की ओर जा रहा था।

भारत माता चौक के पास अचानक ट्रक में लगा हुक टूट गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। चालक ट्रक को संभाल नहीं पाया और देखते ही देखते ट्रक पलट गया। पलटते समय ट्रक का अगला हिस्सा ट्रांसफार्मर से टकरा गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और आसपास के लोग सहम गए। धमाके की आवाज सुनते ही चौक के पास स्थित दुकानों के व्यापारी और कर्मचारी घबराकर बाहर निकल आए। कुछ देर तक लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।

सड़क पर पलटे ट्रक और ट्रांसफार्मर से टकराए उसके हिस्से को देखकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही टाउन पुलिस, यातायात पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेकर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था संभाली। सड़क पर ट्रक पलटने से मार्ग अवरुद्ध हो गया था, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी।

यातायात पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन की व्यवस्था करवाई और पलटे ट्रक को सावधानीपूर्वक सड़क किनारे करवाया। इस दौरान लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई और यातायात को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया गया। यातायात थाना प्रभारी अनिल चिंदा के निर्देशन में पुलिस टीम ने समन्वय बनाकर काम किया, जिससे शीघ्र ही जाम की स्थिति समाप्त हो गई और यातायात सामान्य हो गया।

घटना में सबसे बड़ी राहत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। भारत माता चौक सामान्यतः व्यस्त क्षेत्र है, जहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में ट्रक का ट्रांसफार्मर से टकराना गंभीर स्थिति पैदा कर सकता था, लेकिन समय रहते हालात नियंत्रित कर लिए गए। यह घटना सड़क सुरक्षा और वाहनों की तकनीकी स्थिति की गंभीरता की ओर संकेत करती है। चलते वाहन में किसी भी प्रकार की यांत्रिक खराबी किस तरह अचानक दुर्घटना का कारण बन सकती है, यह इस मामले में स्पष्ट रूप से देखने को मिला।

