ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एबीवीटी स्टाफ सिरसा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव ढुढियांवाली क्षेत्र से एक युवक को 7 ग्राम 18 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एबीवीटी स्टाफ सिरसा के प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव ढुढियांवाली की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के नजदीक एक युवक पैदल आता दिखाई दिया, जिसने पुलिस वाहन को देखकर अचानक मुड़कर भागने का प्रयास किया। शक के आधार पर पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान गोबिंद पुत्र जसवंत निवासी गांव ढुढियांवाली जिला सिरसा के रूप में हुई है। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7 ग्राम 18 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रानियां में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एबीवीटी स्टाफ प्रभारी ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी और उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
संवाददाता- रमेश भार्गव
