– पीएचईडी एक्सईएन से मिले, चार दिन में समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। पेयजल संकट से जूझ रही चर्च कॉलोनी (चक 1 एसटीजी) के निवासियों ने गुरुवार को भारत की जनवादी नौजवान सभा के बैनर तले जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशासी अभियंता से मुलाकात कर नियमित पेयजल आपूर्ति की मांग की। उन्होंने समस्या का जल्द समाधान न होने पर पीएचईडी कार्यालय समक्ष धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। डीवाईएफआई के जिला महासचिव वेद मक्कासर ने बताया कि चर्च कॉलोनी में पिछले करीब तीन माह से भीषण पेयजल संकट बना हुआ है। गर्मी के इस मौसम में करीब 80 से 90 परिवार पानी के अभाव से परेशान हैं। उनका आरोप है कि पीएचईडी अधिकारी यह कहकर जिम्मेदारी से बच रहे हैं कि चर्च कॉलोनी कन्वर्ट नहीं है, इसलिए वहां पानी की नियमित सप्लाई संभव नहीं है। वेद मक्कासर ने कहा कि एक ओर सरकार गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पाइपलाइन बिछाकर पेयजल उपलब्ध कराने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर चर्च कॉलोनी के लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएचईडी अधिकारी कॉलोनीवासियों की समस्या सुनने को तैयार नहीं हैं और हाल ही में आयोजित सेवा शिविरों में भी उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि कॉलोनाइजर ने कॉलोनी विकसित तो कर दी, लेकिन मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं करवाईं। पेयजल संकट का असर केवल लोगों पर ही नहीं, बल्कि पशुधन पर भी पड़ रहा है। डीवाईएफआई ने एक्सईएन से चर्च कॉलोनी के सभी वंचित परिवारों तक जल्द पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि चार दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। इस पर पीएचईडी के एक्सईएन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि चर्च कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति शुरू कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
