हनुमानगढ़। वीर तेजाजी महाराज के शौर्य, त्याग, सत्य और वचनबद्धता की गौरवशाली विरासत को सम्मान दिलाने के उद्देश्य से 1 सितम्बर को भोपाल में संकल्प महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। महासम्मेलन को लेकर राजस्थान में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, जयपुर सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जाट समाज के लोगों के भोपाल पहुंचने की संभावना है। महासम्मेलन में तेजा दशमी पर मध्यप्रदेश में राजकीय अवकाश घोषित करने तथा वीर तेजाजी महाराज के इतिहास, शौर्य और जीवनगाथा को विद्यालयी पाठ्यक्रम में शामिल करने तथा तेजाजी महाराज की गौरवगाथा को नई पीढ़ी और समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। आयोजकों का कहना है कि तेजाजी महाराज का जीवन सत्य, साहस, त्याग और वचनबद्धता की प्रेरणादायी मिसाल है। उनके आदर्शांे और गौरवगाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। अंतरराष्ट्रीय जाट संसद महिला मोर्चा की प्रदेश संयोजक किरण जांदू ने कहा कि वीर तेजाजी महाराज जाट समाज के गौरव के साथ-साथ शौर्य, सत्य, त्याग और वचनबद्धता के प्रतीक हैं। उनकी गौरवगाथा केवल एक समाज तक सीमित न रहकर 36 कौमों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने समाजबंधुओं से 1 सितम्बर को अधिक से अधिक संख्या में भोपाल पहुंचकर संकल्प महासम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तेजाजी महाराज की गौरवशाली विरासत को उचित सम्मान दिलाने और युवा पीढ़ी को उनके जीवन एवं आदर्शांे से परिचित कराने के लिए समाज को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।
राजस्थान में जनसंपर्क अभियान तेज
संकल्प महासम्मेलन को लेकर राजस्थान के विभिन्न जिलों में समाजबंधुओं से संपर्क किया जा रहा है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, जयपुर सहित कई क्षेत्रों में लोगों से भोपाल पहुंचने की अपील की जा रही है। आयोजकों को उम्मीद है कि सम्मेलन में बड़ी संख्या में समाजबंधु भाग लेंगे। किरण जांदू ने इस पहल के लिए अंतरराष्ट्रीय जाट संसद मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर लाल जाट एवं समस्त जाट समाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वीर तेजाजी महाराज के त्याग, साहस और वचनबद्धता की गाथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगी।
