– जिला कलक्ट्रेट में उमड़ी चयनित अभ्यर्थियों की भीड़, कतार में एमए-बीएड तक शिक्षित युवा भी शामिल, दूर-दराज से पहुंचे अभ्यर्थी
हनुमानगढ़। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संयुक्त सीधी भर्ती-2024 के तहत हनुमानगढ़ जिले को आवंटित 158 चयनित अभ्यर्थियों के लिए बुधवार का दिन खुशियों भरा रहा। मंगलवार को मूल दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद बुधवार को चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश जारी किए गए। नियुक्ति आदेश लेने के लिए जिला कलक्ट्रेट परिसर में अभ्यर्थियों की भीड़ रही। इनमें एमए, बीएड तक उच्च शिक्षित युवा भी शामिल रहे। कई अभ्यर्थी नियुक्ति आदेश लेने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे। गौरतलब है कि राजस्व मंडल अजमेर के निर्देश पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संयुक्त सीधी भर्ती-2024 के तहत हनुमानगढ़ जिले के लिए चयनित 158 अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित भू-अभिलेखागार सभागार में किया गया था। वरिष्ठ लेखाधिकारी ज्योति की अध्यक्षता में सात पैनल गठित कर सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई थी। दस्तावेज सत्यापन पूरा होने के बाद बुधवार को नियुक्ति आदेश जारी किए गए। चुनाव के चलते कभी भी आचार संहिता लागू होने की संभावना को देखते हुए चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति देने की प्रक्रिया पूरी की गई। इससे लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के चेहरे पर खुशी नजर आई। बताया जा रहा है कि करीब तीन दशक बाद चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती निकली है। ऐसे में इस भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों में नौकरी को लेकर खासा उत्साह है। नियुक्ति आदेश लेने पहुंचे युवाओं में कई अभ्यर्थी उच्च शिक्षित होने के साथ ही जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से आए थे। दस्तावेज सत्यापन के बाद नियुक्ति आदेश जारी होने से भर्ती के आगामी चरण का रास्ता साफ हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों को अब विभागीय प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई पूरी करनी होगी।
