– सभापति-उपसभापति ने जिला परिषद सीईओ से की मुलाकात- शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने का दिया हवाला
हनुमानगढ़। दीपावली पर्व को देखते हुए नगर परिषद ने नगरीय आम चुनाव-2026 के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्त किए गए सफाई कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर वापस नगर परिषद में लगाने की मांग की है। इस संबंध में गुरुवार को नगर परिषद सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल एवं पूर्व सभापति सुमित रणवां ने जिला कलक्टर एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर के अवकाश पर होने के कारण जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रद्धा गोमे से मुलाकात की। सभापति मंजू रणवां की ओर से सीईओ को पत्र सौंपकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया गया। पत्र में बताया गया कि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान नगर परिषद के 29 सफाई कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्य के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया था। वर्तमान में दीपावली पर्व को देखते हुए नगर परिषद क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था की आवश्यकता है। ऐसे में पर्याप्त सफाई कर्मचारियों के अभाव में शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। सभापति-उपसभापति ने चुनाव ड्यूटी में लगाए गए सफाई कर्मचारियों को कार्यमुक्त कर नगर परिषद में वापस भेजने का आग्रह किया। उनकी ओर से कहा गया कि दीपावली के दौरान शहर में साफ-सफाई, कचरा उठाव एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता रहेगी। इसलिए प्रतिनियुक्त सफाई कर्मचारियों को जल्द कार्यमुक्त कर नगर परिषद में कार्यग्रहण करवाने की मांग की गई। पूर्व सभापति सुमित रणवां ने कहा कि शहर में चरमराए हुए स्वच्छता ढांचे को पटरी पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई सफाई कर्मचारी नवंबर 2025 से जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रतिनियुक्ति पर हैं। ऐसे कर्मचारियों को भी कार्यमुक्त कर नगर परिषद में वापस लगाने की मांग जिला प्रशासन से की गई है।
