हनुमानगढ़। जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविन्द डोटासरा का जन्मदिन विशेष बच्चों के साथ खुशियां साझा करते हुए मनाया गया। जंक्शन स्थित नवज्योति मूक बधिर संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर एवं पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी ने विशेष बच्चों के साथ केक काटा। कांग्रेस नेताओं ने बच्चों को मिठाई खिलाई और उनके साथ समय बिताकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के विशेष बच्चों के साथ खुशियां बांटना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना सामाजिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में बच्चों के साथ आत्मीय संवाद भी किया गया। डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि गोविन्द डोटासरा के प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बनने के बाद संगठन को मजबूती मिली है। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं को सम्मान मिला और संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी पंचायतीराज चुनाव सहित जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रियता से काम कर रहे हैं। मक्कासर ने कहा कि कांग्रेस की ओर से केन्द्र एवं राज्य सरकार की नीतियों और फैसलों को लेकर लगातार जनता के बीच आवाज उठाई जा रही है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ में भी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द डोटासरा के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनकी सक्रियता और ऊर्जा इसी तरह कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती रहे। इस मौके पर नवज्योति संस्थान के संचालक भीष्म कौशिक सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, संस्थान के शिक्षक एवं विशेष बच्चे मौजूद रहे।
