– जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 700 किलो कच्चा माल सीज, 80 निरीक्षण कर लिए 152 सैंपल
हनुमानगढ़। दीपावली के त्योहार पर लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिले में 13 अक्टूबर से चल रहे इस अभियान के तहत अब तक खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने 80 निरीक्षण किए और 152 सैंपल एकत्रित किए हैं। कार्रवाई के दौरान 760 किलोग्राम मिठाई एवं मिठाई निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री नष्ट करवाई गई, जबकि अमानक होने के संदेह में करीब 700 किलोग्राम सामग्री सीज की गई। आयुक्त, पीएचएस एवं जिला कलक्टर के निर्देशन में चलाया जा रहा यह अभियान 8 नवंबर तक जारी रहेगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तीन टीमें गठित की गई हैं। इनमें पहली टीम हनुमानगढ़, टिब्बी और संगरिया क्षेत्र में, दूसरी टीम पीलीबंगा और रावतसर क्षेत्र में तथा तीसरी टीम नोहर-भादरा क्षेत्र में कार्रवाई कर रही है। तीनों टीमें लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई में जुटी हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को खाद्य सामग्री में मिलावट या अमानकता का संदेह है, तो वह विभाग को शिकायत कर सकता है। शिकायत की जांच में मामला असुरक्षित खाद्य सामग्री का पाए जाने पर मुखबिर योजना के तहत शिकायतकर्ता को सरकार की ओर से निर्धारित राशि प्रदान की जाती है। साथ ही शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि दीपावली के सीजन में मिठाई, ड्राई फ्रूट सहित अन्य खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। खाद्य पदार्थांे के निर्माण में शुद्ध सामग्री का इस्तेमाल करें और जहां तक संभव हो, खाद्य सामग्री पर एक्सपायरी तिथि अंकित करें। किसी भी तरह की मिलावट से बचें, ताकि ग्राहकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री मिल सके।
खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ध्यान
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने आमजन से भी अपील की कि दीपावली पर मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय सावधानी बरतें। पैक्ड खाद्य पदार्थांे की एक्सपायरी तिथि अवश्य जांचें और सामग्री का वजन भी चैक करें। जिस दुकान या प्रतिष्ठान से सामान खरीदा जा रहा है, वहां साफ-सफाई की स्थिति देखें। यह भी सुनिश्चित करें कि मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थ ढककर रखे गए हों। उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह होने पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
