– कोहला के वार्ड 29 के वाशिंदों ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन, चालक-स्कूल प्रबंधन पर कठोर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग
हनुमानगढ़। गांव कोहला में मंगलवार को स्कूल बस के नीचे आने से पांच वर्षीय बालिका दीपिका यादव की मौत के मामले में बुधवार को वार्ड नंबर 29, कोहला के ग्रामीणों ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर दोषी चालक एवं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने जिले की सभी निजी स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था की सख्ती से जांच करवाने की मांग भी की। गांव के भादरराम यादव ने बताया कि कोहला निवासी राजेश यादव की पांच वर्षीय पुत्री दीपिका स्कूल से लौट रही थी। इसी दौरान स्वामी विवेकानन्द विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय की बाल वाहिनी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार हादसा बस चालक की लापरवाही और जल्दबाजी के कारण हुआ। घटना के समय बाल वाहिनी में हेल्पर भी मौजूद नहीं था। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला कलक्टर से मांग की कि स्कूल बस चालक एवं स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106 के तहत मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाया जाए। ज्ञापन में जिले की सभी निजी स्कूल बसों की फिटनेस, स्पीड गवर्नर, चालक के लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरे और महिला अटेंडेंट की व्यवस्था की सख्ती से जांच करवाने की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि प्रत्येक स्कूल बस में निर्धारित सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित हो, ताकि भविष्य में किसी अन्य मासूम की जान खतरे में न पड़े। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से एक कमेटी गठित कर जिलेभर के निजी विद्यालयों एवं उनकी बाल वाहिनियों की जांच करवाने की मांग की। जांच में सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर उन्हें तत्काल दूर करवाने तथा नियमों की पालना नहीं करने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इस मौके पर सहीराम यादव, कैलाशचंद टाक, सुरेन्द्र मारवाल, सीताराम यादव, लेखराम यादव, संदीप जोइया, महेन्द्र यादव, रामेश्वर यादव, रामप्रताप, गोपीराम जोइया और पृथ्वीराज जोइया सहित वार्डवासी मौजूद रहे।
