दौसा। जिला कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में सोमवार को कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विधायकों की खरीद-फरोख्त संबंधी बयान पर कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। दौसा सांसद मुरारीलाल मीणा ने गहलोत के 10 करोड़ रुपये में विधायक खरीदने वाले बयान पर कहा कि यदि ऐसे सौदे हुए होते तो वह आज यहां भाषण नहीं दे रहे होते। उन्होंने कहा कि जनता उनके बारे में अच्छी तरह जानती है।सांसद मीणा ने कांग्रेस के अंदरूनी मतभेदों को लेकर कहा कि परिवार में ऐसी बातें चलती रहती हैं और आगे भी चलती रहेंगी। उन्होंने कहा कि वह यह दावा नहीं करते कि कांग्रेस में सब कुछ पूरी तरह ठीक है, लेकिन आगामी चुनाव में पार्टी 150 सीटें जीतेगी। उन्होंने अशोक गहलोत को वरिष्ठ नेता और सचिन पायलट को युवा एवं ऊर्जावान नेता बताया। वहीं दौसा जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक राकेश पारीक ने गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “बुढ़ापे में ऐसा हो जाता है।” सचिन पायलट को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की संभावनाओं पर पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा ने कहा कि यह फैसला राहुल गांधी को करना है। उन्होंने कहा कि जिला कार्यकारिणी की पहली बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा हुई। राहुल गांधी का संदेश है कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर कांग्रेस को जीत दिलाने के लिए काम करे। परसादी लाल मीणा ने कहा कि राहुल गांधी पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की टीम की सराहना कर चुके हैं और अन्य राज्यों को भी उनसे प्रेरणा लेने की बात कह चुके हैं। मानेसर प्रकरण और सरकार गिराने की कोशिशों को लेकर पूछे गए सवाल पर परसादी लाल मीणा ने कहा कि सरकार बच गई थी और यह अब बहुत पुरानी बात हो चुकी है। इस दौरान पूर्व मंत्री ममता भूपेश ने सभा को संबोधित करते हुए बिना नाम लिए राज्य सरकार के एक मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले एक मंत्री हर बात पर इस्तीफा देने की बात करते थे, लेकिन उनके विभाग में हाल ही में बड़ा कांड सामने आने के बावजूद इस्तीफा नहीं दिया गया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पता नहीं इस्तीफा किस जेब में छिपाकर रखा हुआ है। कार्यक्रम में दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा, पूर्व विधायक ममता भूपेश, पूर्व विधायक राकेश पारीक, पूर्व मंत्री परसादी लाल मीणा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
