- वार्ड 29 में एससी आबादी 27.68 फीसदी होने के बावजूद लॉटरी में शामिल नहीं करने का आरोप- वार्ड 22 को शामिल करने पर जांच की मांग
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ की एससी आरक्षण लॉटरी में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर को शिकायत दी गई है। बुधवार को वार्ड नंबर 15 निवासी इशाक खान पुत्र मुस्ताक अली ने प्रार्थना पत्र सौंपकर आरक्षण लॉटरी की प्रक्रिया की जांच करवाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इशाक खान के अनुसार जिला कलक्टर की ओर से जारी वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर वार्डवार अनुसूचित जाति की जनसंख्या की अवरोही क्रम सूची में वार्ड नंबर 29 की कुल आबादी 3273 में एससी वर्ग की जनसंख्या 906 यानी 27.68 प्रतिशत दर्शाई गई है। वहीं वार्ड नंबर 22 की कुल आबादी 2708 में एससी जनसंख्या केवल 23 यानी 0.85 प्रतिशत दर्शाई गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरक्षण की लॉटरी निकालते समय वार्ड नंबर 29 को छोड़कर वार्ड नंबर 22 को प्रक्रिया में शामिल किया गया, जबकि जारी सूची के अनुसार वार्ड 29 में एससी आबादी का प्रतिशत वार्ड 22 की तुलना में काफी अधिक है। इसे नियमों के विपरीत बताते हुए उन्होंने पूरी प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच की मांग की। इशाक खान ने वार्डांे के सीमांकन के दौरान भी अनुसूचित जाति की आबादी के आंकड़ों में कथित रूप से गलत मिलान किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने वार्ड नंबर 15 के निर्धारण को इसका उदाहरण बताते हुए कहा कि वार्डांे का निर्धारण राजनीतिक पक्षधरता के आधार पर किए जाने की आशंका है। शिकायतकर्ता ने जिला निर्वाचन अधिकारी से नगर परिषद की एससी आरक्षण लॉटरी, वार्ड सीमांकन तथा संबंधित जनसंख्या आंकड़ों की निष्पक्ष जांच करवाकर यदि किसी स्तर पर अनियमितता या नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
