- पंच-सरपंच चुनाव की नामांकन, मतदान और मतगणना प्रक्रिया की दी जानकारी, 16 अक्टूबर को होगा दूसरे दिन का प्रशिक्षण
हनुमानगढ़। पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत पंच एवं सरपंच पदों के निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए गुरुवार को ग्राम पंचायत स्तर पर नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों के दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। हनुमानगढ़ टाउन स्थित नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर राजकीय महाविद्यालय के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में विभिन्न पंचायत समितियों के ग्राम पंचायत स्तरीय रिटर्निंग अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदी लाल मीना के पर्यवेक्षण में आयोजित प्रशिक्षण के प्रथम एवं द्वितीय चरण के सत्रों में पीपीटी प्रस्तुतियों और व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से कार्मिकों को प्रशिक्षित किया। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स ने रिटर्निंग अधिकारियों के दायित्वों, चुनाव की समय-सारणी, प्रतिभूति राशि, लोक सूचना प्रारूप और निर्वाचन प्रक्रिया में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रपत्रों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर चैन सिंह ने रिटर्निंग अधिकारियों के मुख्य दायित्वों के साथ प्रारूप 4, 4घ, 6सी, 6ई तथा उपबंध 1 ‘ब’ से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। वहीं श्री महेंद्रपाल सिंह ने नामांकन फॉर्म के विभिन्न भागों, जाति प्रमाण पत्र, प्रतिभूति राशि, स्वच्छ शौचालय संबंधी स्व-घोषणा पत्र और केवल नीली स्याही से हस्ताक्षरित प्रारूप 4ख की अनिवार्यताओं को समझाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान संयम एवं विवेक के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने तथा मतदान केंद्रों पर प्रक्रिया शुरू होने से पहले बैठक और प्रकाश व्यवस्था की जांच करने के निर्देश दिए। मास्टर ट्रेनर जगदीश सिंह सुथार ने वार्ड पंच एवं सरपंच पदों के लिए उपयोग किए जाने वाले सांख्यिकी प्रारूपों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वार्ड पंच के लिए फॉर्मेट 7अ और सरपंच के लिए फॉर्मेट 7 का उपयोग किया जाएगा। संपूर्ण ग्राम पंचायत के लिए संबंधित प्रारूप अंग्रेजी भाषा में एक ही बार भरा जाएगा। इसके साथ ही नामांकन पत्रों की संवीक्षा और मतगणना प्रक्रिया से संबंधित नियमों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों की सुविधा के लिए उपस्थिति रिकॉर्ड, प्राथमिक चिकित्सा हेतु मेडिकल टीम, पेयजल, अल्पाहार, यातायात नियंत्रण और पार्किंग की व्यवस्थाएं की गईं। प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर महेंद्रपाल सिंह, चैन सिंह, जगदीश सिंह सुथार, रमेश धानक सहित अन्य प्रशिक्षक, निर्वाचन शाखा के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रशिक्षु रिटर्निंग अधिकारी उपस्थित रहे।
