हनुमानगढ़। विवाहिता की ओर से पहली शादी के रहते दूसरी शादी करने के आरोप का मामला सामने आया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट पीलीबंगा के आदेश पर गोलूवाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार न्यायिक मजिस्ट्रेट पीलीबंगा से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। इस्तगासे में परिवादी वेदप्रकाश (26) पुत्र गंगाराम मेघवाल निवासी वार्ड नम्बर 7, अमरसिंहवाला ने बताया कि उसकी शादी 10 जुलाई 2024 को बसु पुत्री भीमराज निवासी सुरजनसर तहसील नोहर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद पत्नी ने अलग रहने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और बाद में अपने पीहर चली गई। बाद में समझाइश के बाद दोनों अलग निवास करने लगे। परिवादी के अनुसार पत्नी को मोबाइल फोन दिलाने के बाद वह सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने लगी और बाद में पति के साथ रहने से इनकार करने लगी। आरोप है कि 29 जनवरी 2026 को वह घर से चली गई। इसके बाद गोलूवाला थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। इस्तगासे में बताया गया कि सीसीटीवी फुटेज में महिला एक व्यक्ति के साथ मोटर साइकिल पर जाती दिखाई दी। बाद में 7 फरवरी 2026 को वह छिन्द्रराम उर्फ सुरेन्द्र पुत्र ओमप्रकाश निवासी धर्मसिंहवाला के साथ थाने में उपस्थित हुई और उसके साथ रहने की इच्छा जताई। परिवादी ने आरोप लगाया कि पत्नी ने पहली शादी के रहते तथा वैधानिक विवाह विच्छेद के बिना 21 फरवरी 2026 को छिन्द्रराम उर्फ सुरेन्द्र के साथ विवाह कर लिया। इसकी जानकारी उसे सोशल मीडिया पर अपलोड फोटो और वीडियो से मिली। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच एएसआई धर्मपाल को सौंपी है।
