
हनुमानगढ़। आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत कृषि विपणन विभाग खंड हनुमानगढ़ द्वारा कृषि उपज मंडी समिति परिसर में मंगलवार को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना को लेकर आयोजित कार्यशाला में जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कहा कि इस योजना के लाभार्थी स्वयं इसके ब्रांड एम्बेसडर हैं। जब कोई व्यक्ति अपने आसपास किसी को उद्योग स्थापित कर लाभ कमाते देखता है, तो उससे प्रेरणा लेकर अन्य लोग भी आगे आते हैं। इसलिए विभाग योजना की अधिकाधिक जानकारी आमजन तक पहुंचाए। कार्यशाला के दौरान जिला कलेक्टर ने योजना के लाभार्थियों से सीधे संवाद किया और उनके द्वारा लगाए गए उत्पादों के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रत्येक स्टॉल पर उत्पादों की गुणवत्ता, विपणन और योजना से मिले लाभों की जानकारी ली। मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा समाज के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गई हैं, जिनकी जानकारी प्राप्त करना और दूसरों तक पहुंचाना दोनों ही अत्यंत लाभकारी है। यही इस प्रकार की कार्यशालाओं की सार्थकता है।

कार्यशाला में श्री गणेश इंडस्ट्रीज पल्लू, श्री श्याम राजभोग इंटरप्राइजेज संगरिया रोड बसीर, जय दुर्गा ऑयल मिल गोलूवाला, वेस्ट होम फूड्स गोलूवाला, जेपी मसाला उद्योग गोलूवाला, विनायक इंडस्ट्रीज रामगढ़, श्री गणेश ग्राम उद्योग संगरिया, मित्तल ट्रेडिंग कंपनी हनुमानगढ़ तथा लवली स्वीट्स संगरिया सहित कई इकाइयों द्वारा मिठाइयां, बताशा, पशु आहार, कच्ची घानी सरसों तेल एवं घरेलू मसालों की प्रदर्शनी लगाई गई। जिला कलेक्टर ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य उद्यमियों को भी इससे प्रेरणा लेने का आह्वान किया। हम्मालों की पुत्रियों के विवाह सहायता योजना एवं बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए जिला कलेक्टर ने मौके पर नवविवाहित विजय कुमार एवं उनकी पत्नी को साफा व चुनरी ओढ़ाकर एवं मेधावी हम्माल पुत्र आकाश को श्रेष्ठ पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया। कार्यशाला में जिलेभर की मंडियों के सचिव, व्यापार संघ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में हम्माल उपस्थित रहे। मंच संचालन एवं योजना की विस्तृत जानकारी क्षेत्रीय उपनिदेशक कृषि विपणन विभाग विष्णुदत्त शर्मा द्वारा दी गई। इस अवसर पर इन्द्र कुमार हिसारिया, मुकेश न्योल, हनुमान प्रसाद जैन, नरोत्तम सिंगला, बालकिशन गोल्यान, उद्योग विभाग जीएम दिव्या शर्मा तथा बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी मौजूद रहे।
