-खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए : दीपक सिला
ऐलनाबाद। खंड के गांव पोहड़का में शहीदी दिवस के अवसर पर दो दिवसीय विशाल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में क्षेत्र की कुल 18 टीमों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। टूर्नामेंट का आयोजन गांव के युवाओं द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजनकर्ता आदित्य खरोड़ ने बताया कि शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी दीपक सिला विशेष तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ प्रतियोगिता खेलने के लिए प्रेरित किया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच रानियां और पोहड़का की टीमों के बीच खेला गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पोहड़का की टीम ने चार ओवर में 29 रन बनाए। इस दौरान इकबाल ने अपनी टीम के लिए शानदार बल्लेबाजी करते हुए महत्वपूर्ण रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रानियां की टीम ने तीसरे ओवर में ही मैच अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से जस्सी ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। दोनों दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने भी पूरे उत्साह के साथ मैचों का आनंद लिया और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अरनियावाली और रानियां की टीमों के बीच खेला गया। कड़े मुकाबले के बाद रानियां की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि दीपक सिला ने कहा कि खेलों को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीदी दिवस के दिन युवाओं को शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए, जिन्होंने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है बल्कि युवा नशे जैसी बुराइयों से भी दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि गांव के युवा खेलों और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेंगे तो गांव, समाज और देश निश्चित रूप से प्रगति की राह पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए गांव पोहड़का के युवाओं को विशेष रूप से बधाई दी। इस अवसर पर गांव पोहड़का के बंशी व्याबत, रोहताश सहारण, साहिल, इकबाल, अनमोल, आशीष, गाड़ा सहित आसपास के गांवों की टीमों के खिलाड़ी और क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
