-युवाओं को 50% टिकट देगी इनेलो, हर घर से एक को नौकरी : अभय चौटाला
ऐलनाबाद। नरवाना की अनाज मंडी में सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेशभर से युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। सम्मेलन का आयोजन युवा इनेलो के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला के संयोजन में किया गया, जबकि रानियां के विधायक अर्जुन चौटाला ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर जुलाना विधानसभा सीट से वर्ष 2014 और 2019 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके धर्मेंद्र ढुल अपने सैकड़ों समर्थकों सहित इनेलो में शामिल हो गए। वहीं पूर्व जिला पार्षद और भाजपा एससी सेल के जिला अध्यक्ष रति राम भी कई सरपंचों, पूर्व सरपंचों और जनप्रतिनिधियों के साथ भाजपा छोड़कर इनेलो में शामिल हुए।

इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को नमन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दस साल तक प्रदेश को लूटा और पिछले ग्यारह वर्षों से भाजपा भी उसी राह पर चल रही है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे शहीदों से प्रेरणा लेकर इन दोनों दलों को सबक सिखाने का काम करें। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि अन्याय करना ही अपराध नहीं है, बल्कि अन्याय सहना भी अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भाजपा सरकार द्वारा युवाओं के साथ किए जा रहे शोषण के खिलाफ अपने हकों की लड़ाई लड़ें। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा देश में सबसे मेहनती और काबिल है, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे गर्त में धकेल दिया है।

उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस सांपनाथ है, भाजपा नागनाथ है और एक तीसरी पार्टी बिच्छुनाथ है। अभय सिंह चौटाला ने घोषणा करते हुए कहा कि वर्ष 2029 के विधानसभा चुनाव में इनेलो युवाओं को 50 प्रतिशत टिकट देगी। उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार बनने पर प्रत्येक घर से एक युवा को सरकारी नौकरी दी जाएगी। जो युवा नौकरी से वंचित रहेगा, उसे 21 हजार रुपये मासिक सम्मान भत्ता दिया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को स्वरोजगार के लिए बिना ब्याज के एक करोड़ रुपये तक का ऋण देने की योजना लागू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं और मजबूरी में युवा डोंकी के रास्ते विदेश जाने को विवश हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा में बेरोजगारी दर करीब 27.8 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जिससे अपराध और नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चौटाला ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 20 हजार से अधिक पद खाली हैं। इनमें प्रिंसिपल के 574, मुख्याध्यापकों के 759, पीजीटी के 8519, टीजीटी के 4583 और जेबीटी के 2557 पद शामिल हैं। इसके अलावा क्लर्क के 686 और चतुर्थ श्रेणी के 4134 पद खाली पड़े हैं। सरकारी कॉलेजों में भी प्रिंसिपल के 95 और लेक्चरर के 2819 पद रिक्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पहले लाखों लोगों के पीले राशन कार्ड बनाए, लेकिन अब करीब 12 लाख परिवारों के कार्ड काट दिए गए हैं। इनेलो ऐसे लोगों की लड़ाई सड़क से लेकर विधानसभा तक लड़ेगी।

पूर्व वित्त मंत्री और इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि पहली बार पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने शाहाबाद में शहीदी दिवस मनाने की परंपरा शुरू की थी, जिसे अब अभय सिंह चौटाला आगे बढ़ा रहे हैं। इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के अहंकार में है और हर वर्ग के खिलाफ फैसले ले रही है। वहीं पूर्व मंत्री वासुदेव शर्मा ने कहा कि किसान और मजदूर वर्ग ही हरियाणा की समृद्धि की नींव है। युवा इनेलो के राष्ट्रीय प्रभारी कर्ण चौटाला ने कहा कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं और सरकार युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने युवाओं से जात-पात और धर्म से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया।
ये रहे मौजूद
सम्मेलन में संसदीय बोर्ड के चेयरमैन वासुदेव शर्मा, राष्ट्रीय सचिव उमेद लोहान, पूर्व मंत्री राधेश्याम शर्मा, डबवाली के विधायक आदित्य देवीलाल, गौरव संपत सिंह, सुनैना चौटाला, महिला विंग की अध्यक्ष तनुजा, इनेलो महासचिव प्रदीप गिल, युवा इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोनू ठाकरान, प्रदेशाध्यक्ष अरविंद गोस्वामी, प्रधान महासचिव जितेंद्र नफे राठी, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक, प्रदेश महासचिव अनिरुद्ध खटकड़ सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संवाददाता- रमेश भार्गव
